सिनला में एक ही परिवार में आटे-साटे को लेकरविवाद, दो गाड़ियों में हमला करने पहुंचा एक पक्ष
सोजत रोड थाना क्षेत्र के सिनला गांव में दो परिवारों में आटे-साटे के विवाद को लेकर दो कारों में भरकर पहुंचे कुछ लोगों ने एक परिवार पर हमला बोल दिया। यह लोग अपने परिवार की युवती को लेने के लिए पहुंचे थे। इससे गांव में माहौल गरमा गया। सोजत रोड थाने से हेड कांस्टेबल पहुंचा, मगर उनके पास कोई वाहन नहीं होने के कारण दोनों युवकों को ग्रामीण निजी वाहन में सोजत रोड थाने ले गए। आरोप है कि इस दौरान एक आरोपी वहां से भाग गया। यह युवक कराड़ी में हुई हत्या के मामले का आरोपी है। वर्तमान में वह जमानत पर चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच में आरोपी साबित होने पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार सिनला निवासी मंगलसिंह राजपुरोहित की पुत्री का ससुराल मालकोसनी निवासी नारायणसिंह राजपुरोहित के परिवार में है। दोनों ही परिवारों ने अपनी बेटियों की आटे-साटे के तहत शादी कर रखी है। सोमवार को एक पक्ष अपनी बेटी को लेकर सिनला लेकर आ गया था। इसको लेकर विवाद हो गया। पुलिस में दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि मंगलवार को सिनला में दो वाहनों में भरकर कुछ लोग पहुंचे तथा आते ही उसकी बहिन को ले जाने का प्रयास किया। इनमें एक हत्या के मामले का आरोपी आजादसिंह पुत्र लक्ष्मणसिंह राजपुरोहित भी था। विरोध करने पर इन लोगों ने हमला बोल दिया। बताया जाता है कि इस दौरान मंगलसिंह के पुत्र ओमसिंह के चिल्लाने पर वहां पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और आजादसिंह व एक अन्य को पकड़ लिया। सोजत पुलिस के नहीं आने पर दोनों का लेकर सोजत रोड थाने पहुंचे। यहां से आजादसिंह भाग छूटा।
Comments