पाली. शिवपुरा थाना क्षेत्र के रूपावास गांव में पिछले पांच दिन से चल रही रंजिश में दो लोगों पर हमला करने का मामला तूल पकड़ने लगा है। दोनों घटनाओं को लेकर रूपावास सरपंच के पुत्र व कांग्रेस नेता भागीरथ देवासी, रुघाराम समेत छह आरोपी हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दल संभावित ठिकानों पर भेजे गए हैं। दोनों घटनाओं के बाद से गांव में माहौल गरमाया हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस दल तैनात किया गया है।
गुरुवार को होम क्वारेंटाइन से बाहर निकलते ही सोजत डीएसपी डॉ. हेमंत जाखड़ व सोजत थानाप्रभारी रामेश्वरलाल भाटी ने रुपावास गांव का दौरा कर ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस के अनुसार रूपावास गांव में सरपंच चुनाव के बाद से दो पक्षों में रंजिश चल रही है।
वर्तमान सरपंच सीता देवी देवासी का पुत्र भागीरथ देवासी कांग्रेस विशेष पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ का प्रदेश सचिव है, जिसकी पूर्व सरपंच रामसिंह राजपुरोहित से राजनीतिक रंजिश चल रही है। रुपावास निवासी राजपुरोहित भी कांग्रेस नेता हैं। गत 30 मई को गांव के खूमाराम मेघवाल पर कुछ लोगों ने हमला किया, जिसमें सरपंच पुत्र भागीरथ देवासी भी आरोपी है।
गत 2 जून को रूपावास गांव में कांग्रेस नेता व पूर्व सरपंच राम सिंह राजपुरोहित पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें भी भागीरथ देवासी उसका भाई रुघाराम, किशनराम, पिता प्रहलाद देवासी व चचेरे भाई ओमप्रकाश, विनोद, गोविंद भी आरोपी है। रुपावास गांव में खूमाराम मेघवाल व पूर्व सरपंच रामसिंह राजपुरोहित के मामले में फरार आरोपी भागीरथ देवासी समेत अन्य की तलाश के लिए शिवपुरा थानाप्रभारी अमराराम की टीम संभावित ठिकानों पर भेजी गई है