पाली/सादड़ी। जिले के सादड़ी थाना क्षेत्र के मादा गांव में पत्नी ने पति की हत्या कर शव को फार्म हाउस की जमीन में दफना दिया। मृतक के दामाद की रिपोर्ट पर पुलिस और प्रशासन सिंदरली सडक़ मार्ग पर स्थित कृर्षि फार्म हाऊस पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। घटना 12 दिन पुरानी बताई जा रही है। पत्नी का कहना है कि वह अपने पति की शराबी आदत से परेशान थी, इस कारण उसने हत्या की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थानाधिकारी गिरधर सिंह के अनुसार मादा निवासी मृतक हमेरसिंह पुत्र भोपालसिंह राजपुरोहित व उसकी पत्नी कमला देवी गांव में रहते थे। हमेर सिंह शराब अधिक पीता था, इससे पत्नी परेशान थी। 12 दिन पूर्व उसने अपने फार्म हाउस पर नींद में सो रहे पति हमेर सिंह पर सरीए से वारकर हत्या कर दी और वहीं रजाई में शव लपेटकर जमीन में दफना दिया।
हमेर सिंह का दामाद अशोक सिंह राजपुरोहित मंगलवार को अपनी पत्नी रिंकू के साथ मादा गांव ससुराल आया। यहां सास कमला से सुसर को लेकर पूछताछ करने पर सास कमला ने दामाद को बताया कि उनकी हत्या कर शव को कृषि फार्म हाऊस में दफना दिया। दामाद ने पुलिस प्रशासन को सूचना दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पत्नी की बताई जगह से शव बाहर निकाला।
पत्नी ने ही बुलाया दामाद व पुत्री को
कमला का दामाद सूरत रहता है। वह लॉक डाउन के कारण अपने घर आया हुआ था। गत छह दिन पूर्व सास कमला ने अपने दामाद व पुत्री को मोबाइल कॉल कर कहा कि उसके पिता घर पर नहीं अ रहे हैं, इस पर दामाद व पुत्री वहां आए, उनके आने पर हकीकत बता दी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। दामाद की रिपोर्ट पर पुलिस ने कमला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।