22 साल पहले प्रतापगढ़ के एडीएम रहे श्याम सिंह राजपुरोहित बने नए कलेक्टर, आज करेंगे ज्वाइन

22 साल पहले प्रतापगढ़ के एडीएम रह चुके श्यामसिंह राजपुरोहित प्रतापगढ़ के नए कलेक्टर होंगे। कलेक्टर के पद पर उनकी पहली पोस्टिंग प्रतापगढ़ में ही हो रही है। बुधवार देर रात राज्य सरकार की ओर से जारी हुई आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची में राजपुरोहित को प्रतापगढ़ कलेक्टर लगाया गया। 10 दिन पहले जारी तबादला सूची में यहां पर ओमप्रकाश कसेरा को लगाया गया था, लेकिन उन्होंने ज्वॉइन नहीं किया था। 

1985 बैच के आरएएस राजपुरोहित तीन साल पहले 2015 में आईएएस के रूप में पदोन्नत हुए। प्रारंभिक शिक्षा विभाग निदेशक बीकानेर के पद से यहां कलेक्टर के रूप में ट्रांसफर होकर आ रहे हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने प्रतापगढ़ से अपनत्व का रिश्ता होने की बात कहने के साथ ही क्षेत्र में शिक्षा का ढांचा सुधारने को पहली प्राथमिकता बताई। वे शुक्रवार को प्रतापगढ़ पहुंचकर कार्यग्रहण कर लेंगे। 58 वर्षीय राजपुरोहित जोधपुर से हैं। उनकी पहली नियुक्ति असिस्टेंट कलेक्टर पाली के रूप में हुई थी। 

श्याम सिंह 

पहली बार प्रतापगढ़ में बने थे एडीएम, कलेक्टर की पहली पारी भी यहीं से ही 

श्यामसिंह राजपुरोहित की एडीएम के रूप में पहली नियुक्ति 22 साल पहले वर्ष 1996 में चित्तौड़गढ़ जिले में प्रतापगढ़ से ही हुई थी। तब प्रतापगढ़ भी उपखंड ही था। वर्ष 1999 तक वे यहां पर एडीएम रहे। कलेक्टर के रूप में पहली नियुक्ति भी प्रतापगढ़ में ही होना एक संयोग ही कहा जा सकता है। 22 साल में स्थितियां काफी बदल चुकी हैं। प्रतापगढ़ भी वर्ष 2008 में चित्तौड़गढ़ से अलग होकर जिला बन चुका है। 

शैक्षिक उन्नति रहेगी प्राथमिकता : राजपुरोहित 

दैनिक भास्कर से हुई बातचीत में नए कलेक्टर श्यामसिंह राजपुरोहित ने बताया कि वे शुक्रवार को प्रतापगढ़ पहुंचकर कार्यग्रहण कर लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ से पुराना नाता होने के चलते यहां के लोगों से अपनत्व का रिश्ता है। यहां के लोगों को अहसास होगा कि ये हमारे अपने कलेक्टर हैं। मैं शिक्षा के क्षेत्र से आया हूं, इसलिए प्रतापगढ़ की शैक्षिक उन्नति पहली प्राथमिकता रहेगी। आदिवासियों के कल्याण के लिए काम करते हुए उनके जीवन को सुखद और आरामदायक बनाने का प्रयास करूंगा। विकास योजनाओं को दो से तीन गुना गति से पूरा करने का प्रयास करेंगे। राज्य सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाकर सफल बनवाएंगे। 

सुरेश राजपुरोहित ईटवाया

Previous Post Next Post